मिर्जापुर। विद्युत उपकेंद्र राजगढ़ के भवानीपुर गांव में सोमवार को दोपहर में शराब के नशे में एक लाइनमैन ग्रामीणों से उलझ गया। जिसका वीडियो सोमवार को काफी तेजी से वायरल हो रहा है। शिकायत पर अवर अभियंता ने ग्रामीणों को विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते 28 अगस्त को गांव का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। 28 अगस्त को ही ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत की थी। आरोप है कि इस बीच सोमवार को उसी शिकायत नंबर का ट्रांसफार्मर आने के बाद उसे लाइनमैन अशोक सिंह द्वारा कहीं और भेजा जा रहा था। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो लाइनमैन ग्रामीणों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन बहुत ज्यादा शराब का सेवन किया हुआ था। वह ग्रामीणों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया था। ग्रामीणों ने लाइनमैन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में राजगढ़ विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अरुण कुमार मौर्य ने बताया कि लाइनमैन के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत मिली है। इस मामले की जांच कर उसके खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।