पानी के अभाव में सूख रही धान की फसलें।-श्र-संवाद।
मिर्जापुर। जनपद में सोमवार की देर रात बूंदाबांदी हुई। वहीं मंगलवार की सुबह तेज धूप निकली। इससे उमस बढ़ गई। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है। बारिश नहीं होने से सूख रही धान की फसल से किसान चिंतित हैं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले एक-दो दिनों में हल्की या तेज बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि एक दिन पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की देर रात 11 बजे के बाद कहीं-कहीं तेज गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई तो कुछ क्षेत्रों में कुछ देर के लिए बारिश हुई। इससे फिर से उमस बढ़ गई। दिनभर धूप-छांव के बीच आसमान में बादलों की आवाजाही जरूर रही।
एक-दो दिन में तेज बारिश होने की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के आधार पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। एक-दो दिनों में मध्यम फिर उसके बाद तेज बारिश की संभावना है।