मड़िहान। बेला जंगल मे मड़िहान-मिर्जापुर स्टेट हाइवे नंबर पांच पर बुधवार की सुबह ट्रक डीसीएम में आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई व घायल खलासी केबिन में फंस गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से खलासी को बाहर निकलवा कर मंडलीय अस्पताल भिजवाया।
मिर्जापुर की तरफ से ट्रक सोनभद्र गिट्टी लोड करने जा रहा था। मड़िहान के बेला जंगल में सोनभद्र की तरफ से खाली कैरेट लादकर आ रही डीसीएम से टक्कर हो गई। धक्का लगते ही घटना स्थल पर चीख पुकार मच गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। धीरे-धीरे राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। मौके पर पहुंचे मड़िहान उपनिरीक्षक शैलेष सिंह की टीम ने किसी तरह दोनों को बाहर निकलवाया। इसमें चालक 35 वर्षीय समसुद्दीन निवासी करियामई की मौके पर मौत हो गई। खलासी अलीजहां (40) गंभीर रूप से घायल हो गया।