हलिया थाना क्षेत्र के विलरा पटेहरा गांव निवासी ललिता देवी ने मंगलवार को थाने में तहरीर देकर पति, सास, ससुर व दो देवरों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
तहरीर में उन्होंने बताया है कि आठ मार्च 2019 को अजय कुमार पुत्र संतोष, निवासी नैनुआ, थाना करछना, जनपद प्रयागराज के साथ उनकी शादी हुई थी। उस दौरान पिता की तरफ से सामर्थ्य के अनुसार बाइक व दो लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि पति अजय कुमार, देवर संजय कुमार व अतुल कुमार, ससुर संतोष कुमार, सास पार्वती देवी चार पहिया गाड़ी व पांच लाख रुपये दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करते हैं। आरोपियों ने मारपीट कर घर से 20 नवंबर 2021 को निकाल दिया। किसी तरह से मायके पहुंचकर परिजनों के पूरी जानकारी दी।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया है कि ससुराल वालों ने कुछ दिन बाद मायके में आकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए बगैर कार व पांच लाख रुपये के घर पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया विवाहिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर इस मामले की जांच की जा रही है।