मड़िहान। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पर शुक्रवार की सुबह छह वर्षीय मासूम को पेट में दर्द होने पर परिजन एंबुलेंस से लेकर पहुंचे। चिकित्सक के मौजूद न रहने पर इंतजार करने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि मामले में सीएमओ ने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। उसे मृत अवस्था में लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे।
मड़िहान पहड़ी के जोगिबीर निवासी छोटू आदिवासी के इकलौते पुत्र सत्यम उर्फ चिंटू (6) की सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई। उसे पेट दर्द था। परिजन एंबुलेंस से उसे लेकर मड़िहान सीएचसी पहुंचे। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे। एक घंटा तक मासूम को लेकर मां संजू उनका इंतजार करती रही। डाक्टर के इंतजार के बीच मासूम ने मां की गोद में दम तोड़ दिया। मौत होने पर परिजनों ने हंगामा किया। आरोप है कि देर से पहुंचे चिकित्सक ने पीड़ित परिजनों को डांट फटकार कर बाहर निकाल दिया। बाद में घर से पहुंचे परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रभारी चिकित्सक द्वारा पूछा गया तो बताया कि मौत होने पर अस्पताल लाया गया था। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि डाक्टर मौजूद थे। उनके सामने ही बच्चे को एंबुलेंस से लाया गया। बच्चा मृत अवस्था में था। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया। यह सब सीसी टीवी में कैद है।