लालगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मंगलवार को डीसी मनरेगा मोहम्मद नफीस ने ब्लाक मुख्यालय पर बैठक की। बैठक में विकास कार्यों और कोविड-19 के दौरान बाहर से आए श्रमिकों को रोजगार देने के संबंध में चर्चा हुई। कहा गया कि प्रवासी श्रमिकों को रोजगार देने में कोताही न करें।
डीसी मनरेगा ने कहा कि बाहर से आए श्रमिकों को रोजगार देने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कहा कि लॉकडाउन के दौरान श्रमिकों को रोजगार से जोड़कर व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी प्रत्येक गांव में आए श्रमिकों का पूरा आंकड़ा विकासखंड में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि बाहर से आए श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने से बेरोजगारी तो मिटेगी ही, परिवार का भरण पोषण होगा और विकास कार्य में तेजी आएगी। उन्होंने एनआरएलएम संचालक को स्पष्ट रूप से दिशा निर्देश देते हुए कहा कि समूह से जुड़ी महिलाओं के कार्यक्रम के संचालन में विलंब नहीं होना चाहिए। उनके कार्यक्रम तेजी आना चाहिए। जिससे महिलाएं स्वावलंबी हों और आत्मनिर्भरता की ओर निरंतर बढ़ती रहें। बैठक में एनआरएलएम के प्रभारी पंकज सिंह,विनय कुमार, कमलजीत तिवारी,नीरज उपाध्याय,श्यामधर तिवारी, सतेंद्र मिश्रा, चंद्र प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।