अधिकारी सूखे और बाढ़ से निपटने की तैयारी समय से कर लें। बाढ़ और सूखे से संबंधित सभी अधिकारी सर्तक रहें। अपने अपने विभागों से संबंधित कार्ययोजना बना लें।
जिससे आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक रणनीति के तहत अमली जामा पहनाया जा सके। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्देश जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सूखा एवं बाढ़ से निपटने के लिए आयोजित बैठक में मौजूद मातहतों को दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी अपने अपने तहसील में सूखे और बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर लें। लेखपालों को विशेष रुप से सर्तक कर दें।
उन्होंने कहा कि एसडीएम निरीक्षण कर लें कि बाढ़ के समय कहां -कहां चौकियां स्थापित करना है। साथ ही जिले में उपलब्ध नावों की सूची भी बना लें। जिससे जरुरत पड़ने पर उपयोग किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के समय जल जमाव से खंभे क्षतिग्रस्त हो जाते हैं अथवा नीचे चले जाते हैं। ऐसे स्थानों को चिंहित करके कार्ययोजना बना लें।
जिससे बाढ़ के समय शिविरों में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरई नाला की सफाई करा लें जिससे आवश्यकता पड़ने पर बाढ़ का पानी छोड़ा जा सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ट्यूबवेलों को दुरुस्त रखें। खराब ट्यूबवेल को तत्काल दुरुस्त कराएं। बैठक में एडीएम डीएस उपाध्याय, एसडीएम अशोक कनौजिया आदि मौजूद रहे।