विंध्याचल। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान कोतवाली गली में गंदगी दिखने पर मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। काॅरिडोर क्षेत्र में मलबा व कोतवाली गली में गंदगी दिखने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेफ हाउस के निर्माण के बारे जानकारी ली। उस दौरान उन्होंने सेफ हाउस का नक्शा भी देखा। उन्होंने कॉरिडोर क्षेत्र में मलबा के ढेर देख अधिशासी अधिकारी को तत्काल हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने हरियाली वाली जगह फूल वाले पौधे लगवाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने हवन कुंड कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने दीवारों पर टाइल्स लगवाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कोतवाली गली का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी दिखने पर उन्होंने नाराजगी जताई और दुकानदारों को कूड़ा डस्टबिन में डालने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को काॅरिडोर परिसर में घर-घर जाने वाली गाड़ी के माध्यम से कूड़ा उठवाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जो दुकानदार कूड़ा डस्टबिन में न डालकर इधर-उधर फेंक रहे हैं, उन पर जुर्माना लगाएं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट लाल बहादुर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गोवा लाल आदि मौजूद रहे।