मिर्जापुर। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल व मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बृहस्पतिवार को दोपहर में गंगा नदी पर बने शास्त्री पुल की मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कार्ययोजना के अनुसार मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही अधिकारियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दो शिफ्ट में काम कराकर निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने का निर्देशदिया। उन्होंने आगाह किया कि 14 अगस्त को दोबारा निरीक्षण करने पहुंचेंगी। उस दौरान प्रगति ठीक नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शास्त्री पुल की मरम्मत की जिम्मेदारी मुंबई की एक संस्था को दी गई है। पुल की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। मरम्मत कार्य तीन अक्तूबर तक पूरा किया जाना है। इस बीच बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने गंगा नदी पर स्थित शास्त्री पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने मौके पर मौजूद साइट इंजीनियर आशीष जायसवाल से कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दो शिफ्ट में कार्य कराकर तय समय में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आगाह किया कि वे 14 अगस्त को मरम्मत कार्य का फिर निरीक्षण करेंगी। उस दौरान शेड्यूल चार्ट के अनुसार कार्य पूरा नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस पर कार्यदायी संस्था के अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को आश्वस्त किया गया कि दो दिन बाद श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन व रात कार्य कराकर समय से कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शास्त्री पुल मिर्जापुर शहर के लिए लाइफ लाइन है। इसलिए मरम्मत कार्य समय से पूरा होना जरूरी है। इसमें किसी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक आरएस उपाध्याय भी मौजूद रहे।