नगर के बरियाघाट से शनिवार को गंगाजल लेकर घोरावल के शिवद्वार जा रहे कांवरियों का डीजे पुलिस ने बरकछा में जब्त कर लिया। इससे नाराज कांवरियों ने मड़िहान तहसील के सामने मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग जाम कर दिया। एसडीएम के समझाने-बुझाने पर वे करीब दो घंटे बाद माने।
शहर के बरियाघाट से बड़ी संख्या में कांवरिया शनिवार को गंगा जल लेकर डीजे बजाते हुए शिवद्वार जा रहे थे। दोपहर बाद जैसे ही कांवरिया बरकछा के पास पहुंचे पुलिस ने रोक लिया और कोर्ट का हवाला देते हुए डीजे कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कहा कि कोर्ट का आदेश कि इस दौरान कोई भी ध्वनि यंत्र नहीं बजाया जाएगा। लेकिन कांवरिया डीजे उनके हवाले करने की मांग करने लगे।
पुलिस के कड़ा रुख अपनाने पर वे चले गए। थोड़ी देर में मड़िहान तहसील के सामने कांवरिया जुट गए और मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग जाम कर दिया। खबर लगते ही उपजिलाधिकारी लल्लनराम और मड़िहान पुलिस पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन कांवरिया नहीं माने।
अधिकारियों ने कहा कि वे कोर्ट के आदेश का केवल पालन करा रहे हैं। काफी समझाने-बुझाने पर लगभग दो घंटे बाद कांवरिया मान गए और जाम समाप्त कर दिया।