महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में मालवीय दीपावली मनाई जाएगी। मालवीय दीपावली पर उनकी प्रतिमा स्थल सहित संपूर्ण परिसर सूर्यास्त होते
ही गुरुवार को 11 हजार दीयों की रोशनी से जगमगा उठेगा। बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक, युगपुरुष, राष्ट्रवादी चिंतन के प्रणेत, महान दार्शनिक
महामना मदन मोहन मालवीय की 153वीं जयंती हर्षोल्लासपूर्वक मनाई जा रही है। जयंती का शुभारंभ विशेष कार्याधिकारी प्रो. रामप्रताप सिंह ने भागवत कथा के साथ आठ दिसंबर को किया।
भागवत कथा का संकल्प दृगबिंदुमणि सिंह ने लिया। दृगबिंदुमणि सिंह ने बताया कि महामना की जयंती पर दक्षिणी परिसर में मंगलवार को चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिसमें साउथ कैंपस के सेंट्रल स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बच्चों द्वारा आकर्षक और मनोहारी चित्रकला बनाई गई। कैंपस को झालरों से सजाया गया है।
विशेष कार्याधिकारी डा. राम प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा महामना को भारत रत्न देने की घोषणा से परिसर में हर्षोल्लास का माहौल रहा। सरकार ने भारत रत्न देने का सराहनीय कार्य किया है।