मिर्जापुर। सिटी ब्लॉक के अघौली के ग्राम प्रधान दीपक बिंद ने संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम को शिकायती पत्र देकर प्राथमिक विद्यालय अघौली में मिड डे मील में गड़बड़ी का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की।
प्रधान ने कहा प्रधानाध्यापक की तरफ से एमडीएम में छात्र-छात्राओं को घटिया स्तर का भोजन दिया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से एक स्थान पर जमें प्रधानाध्यापक की ओर से कंपोजिट ग्रांट मरम्मत व अन्य मदों से प्राप्त धनराशि का समुचित उपयोग नहींं किया जा रहा है। विद्यालय में कंप्यूटर सहित अन्य उपकरण मौजूद हैं। इसके बाद भी विद्यार्थी इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। प्रधान ने प्रधानाध्यापक पर प्राय: बच्चाें की उपस्थिति संख्या अधिक दिखाकर एमडीएम की धनराशि का भी गबन का आरोप लगाया है।