मड़िहान। स्थानीय कस्बा स्थित घोरावल मार्ग पर सीवर सफाई की मांग को लेकर रविवार की सुबह कस्बावासी सड़क जामकर विरोध जताने लगे, तभी बिना वर्दी के एक दरोगा और सिपाही पहुंचे। इस पर लोगों ने बाइक सवार पुलिसकर्मियों को घेर लिया। भीड़ का रुख देखकर बाइक सवार पुलिसकर्मी वहां से चलते बने। इसका वीडियो वायरल होने लगा। बाद में वहां से गुजर रहीं सांसद अनुप्रिया पटेल के समझाने पर लोग माने।
कस्बावासियों के घर का पानी निकलने के लिए दो दशक पूर्व ग्राम प्रधान कोटे से नाली का निर्माण हुआ था। एक दबंग द्वारा नाली पाट दिया गया। जिससे नाबदान का पानी घरों में घुसने लगा। बार-बार नाली सफाई की समस्या का निस्तारण न होने पर ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। रविवार की दोपहर लोग दुकानें बंद कर सड़क पर आ गए। जाम लगने की सूचना पर एक बाइक पर बिना वर्दी के एक दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस व स्थानीय ग्रामीणों से नोकझोंक होने लगा। इसका वीडियो वायरल होने लगा। लोगों का आरोप था कि सिपाही नशे में बिना वर्दी के था। जिसे दरोगा लेकर चला गया। लोग जाम लगाए थे। तभी रास्ते से होकर जा रही सांसद अनुप्रिया पटेल वहां रुकी। सांसद के समझाने पर लोग शांत हुए। दो घंटे बाद सड़क पर आवागमन शुरू हुआ। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि बाइक सवार थाने का सिपाही नहीं था। वह कोई प्राइवेट आदमी था।