बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में सोमवार की रात बीकॉम व वोकेशनल के दो छात्र गुटों के बीच जन्मदिन मनाने के दौरान शोर मचाने को लेकर मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर पहुुुंची बरकछा पुलिस ने मारपीट कर रहे छात्रों को समझाबुझा कर शांत हो गई। रात तक छात्रों का एक गुट शांत रहा लेकिन सुबह एक बार फिर इकट्ठा हो गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी तबतक वह धरने से नहीं उठेंगे। मौके पर पहुंचे देहात कोतवाल व बरकछा चौकी इंचार्ज राजेश यादव ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
कहा कि अगर वह तहरीर देते हैं तो आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन देर शाम तक किसी ने तहरीर पुलिस को नहीं दी थी। बता दें कि राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा के बीकॉम व वोकेशनल कोर्स के छात्रों के बीच पिछले तीन दिनों से किसी न किसी बात को लेकर नोकझोंक हो रही थी। सोमवार की रात बीकॉम के कुछ छात्र एक छात्र का जन्मदिन मना रहे थे। केक काटने के बाद छात्र गाना बजाते हुए डांस करने लगे। शोरगुल होने पर वोकेशनल कोर्स कर रहे कुछ छात्र पहुंचे और शोरगुल नहीं मचाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया, लेकिन वहां मौजूद छात्रों ने विवाद कर रहे छात्रों को समझा बुझा कर शांत करा दिया।
छात्र जन्मदिन मना कर जब लौटने लगे तो विवाद करने वाले छात्रों ने उनको रास्ते में उनको रोक लिया और एक बार फिर उलझ गए। मामला बढ़ने पर मारपीट हो गई। शोरगुल होने पर पहुंची बरकछा चौकी इंचार्ज राजेश यादव ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। मंगलवार की सुबह एक बार फिर बीकॉम के छात्र आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिसर में धरना प्रदर्शन करने लगे। जानकारी होने पर पहुंचे देहात कोतवाल व बरकछा चौकी इंचार्ज ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया।