मिर्जापुर। जिले में इन दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की जोरदार चर्चा हो रही है। हालांकि इसमें दम भी दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि सीएम सितंबर के प्रथम सप्ताह संभवत: दो अथवा तीन सितंबर को जिले में आ सकते हैं।
इन दिनों नगर में जोरदार सफाई हो रही है। कार्यालयों के अभिलेख अपडेट हो रहे हैं। इसी के साथ ही पुलिस लाइन में हैलीपैड भी बनाया जा रहा है। मंडलीय अस्पताल व एल- वन व एल- टू के कोविड अस्पतालों में भी व्यवस्था चाकचौबंद की जा रही है। लगभग सौ बेड लगाए जा रहे हैं। सीएम के संभावित कार्यक्रमों में कोविड के तहत कराए गए कार्यों की समीक्षा व मंडलीय व कोविड अस्पतालों का निरीक्षण शामिल है। इसको लेकर पूरे जिले में काफी गहमागहमी है। प्रशासनिक अमला पूरी तरह से जुटा हुआ है। यह अलग बात है कि अभी किसी प्रकार के कार्यक्रम के बारे में कोई अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सब कुछ अनुमान और संभावना पर ही चल रहा है।