मिर्जापुर। मेडिकल काॅलेज के अधीन मंडलीय अस्पताल में दांत का इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए पहली बार दांत के डिजिटल एक्सरे की सुविधा शुरू हुई है। दांत का एक्सरे करने के लिए डिजिटल डेंटल एक्सरे मशीन लगाई गई है। इससे एक्सरे करने पर रेडिएशन का खतरा भी कम रहेगा। मरीजों काे अस्पताल में एक्सरे की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध होगी।
मंडलीय अस्पताल में दंत रोग विभाग में काफी समय से उपकरण आदि की कमी थी। दंत विभाग में लगे चेयर व उपकरण आदि पुराने हो गए थे। मेडिकल काॅलेज के अधीन होने के बाद सुविधा बढ़ी है। दंत रोग विभाग में नए टेबल आने के साथ ही अब दांत के डिजिटल एक्सरे की सुविधा भी शुरू हो रही है। इससे पहले अस्पताल में दांत के एक्सरे की सुविधा नहीं थी। दंत रोग विभाग की विभागाध्यक्ष असिस्टेंट प्रोफेसर निरमा यादव ने बताया कि अस्पताल में अब तक दांत के एक्सरे की सुविधा नहीं थी। इस कारण मरीजों को बाहर एक्सरे कराने जाना पड़ता था। अब अस्पताल में डिजिटल डेंटल एक्सरे मशीन आने से मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। यह मशीन आधुनिक है। अन्य डिजिटल एक्सरे मशीन से रेडिएशन का भी खतरा रहता है, परंतु इस मशीन से रेडिएशन का खतरा कम रहेगा। ऐसे में गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी इससे एक्सरे करा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इसमें एक कैमरा है। एक सेंसर डिवाइस है। इससे दांत के एक्सरे को मानिटर पर देख सकते हैं। मरीज को इसका प्रिंट भी दिया जा सकता है। उसके मोबाइल फोन पर भी एक्सरे रिपोर्ट भेजी जा सकती है। इस मशीन से एक्सरे होने से मरीजों के समय की भी बचत होगी। दंत विभाग में सीनियर रेजिडेंट डाॅ. दीपिका यादव, डाॅ. प्रभाकर रत्ना और डाॅ. आभा मिश्रा को एक्सरे के बारे में ट्रेनिंग दी गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरबी कमल का कहना है कि दंत विभाग में नई अत्याधुनिक डिजिटल डेंटल एक्सरे मशीन आई है। इस एक्सरे मशीन से रेडिएशन का खतरा कम रहेगा। मशीन से दांत के मरीजों का नि:शुल्क एक्सरे होगा।