राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के नदिहार गांव निवासी युवक अपने साथियों के साथ सोमवार शाम को पंचशील की दरी पर पिकनिक मनाते समय गिर कर पत्थर से टकरा गया। उसके साथी उसे उपचार के लिए सीएचसी ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने संदिग्ध मौत पर आशंका जताते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के नहिहार निवासी 23 राजेंद्र कुमार पुत्र जोखन राम अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए भवानीपुर के जंगल में पंचशील की दरी पर गया था। वहां पर उसके कुछ मित्र खाना बनाने लगे और कुछ स्नान करने लगे। राजेंद्र खाना बनाने के बाद दरी में नहाने के लिए उतर गया। नहाने के बाद वह मित्रों के साथ बाहर निकला। पहाड़ पर कुछ दूर चलने के बाद उसका पैर फिसल गया। इससे वह पंचशील की दरी में चला गया। उसके साथी उसके पास पहुंचे तो वह बेहोश हो गया था। उसके साथी उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर परिजनों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।