मिर्जापुर। सावन के चौथे व अंतिम सोमवार को ताड़केश्वर महादेव का भव्य दर्शन कर श्रद्धालु अभिभूत हो गए। सुबह भोलेनाथ का दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के पश्चात शाम चार बजे मदार फूल, बेलपत्र सहित आकर्षक फूलों से शृंगार किया गया।
भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। दर्शन-पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। हलिया: प्राचीन कोटार नाथ मंदिर पर भोर से ही अदवा नदी में स्नान-ध्यान के बाद शिव भक्त हाथ में माला-फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध व गंगा जल से भोले नाथ का जलाभिषेक किया। दर्शन-पूजन के दौरान हर हर महादेव के उद्घोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
महादेव की 51 प्रकार से हुई आरती, मंत्रमुग्ध रहे श्रद्धालु : मिर्जापुर। सावन के अंतिम सोमवार को श्रीपंचमुखी महादेव का भव्य शृंगार व 51 प्रकार से आरती हुई। श्रीरामलीला कमेटी के तत्वाधान में शाम चार बजे भव्य शृंगार के उपरांत रात्रि नौ बजे महादेव की पालकी यात्रा निकाली गई। बरियाघाट, बघेल की गली, वासलीगंज होते हुए यात्रा पुन: मंदिर पहुंची। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रात्रि 10 बजे से श्रीपंचमुखी महादेव का 51 प्रकार की आरती की गई। भोलेनाथ की भव्य आरती देख श्रद्धालु मंत्रमुग्ध रहे। इस दौरान श्रीरामलीला कमेटी अध्यक्ष इं. विवेक बरनवाल, अक्षैवरनाथ केशरवानी, रविंद्र कुमार, सतीशचंद्र सर्राफ आदि मौजूद रहे।