मिर्जापुर। बथुआ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को उत्तर प्रदेश राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराया। आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अनुदेशक से कार्यदेशक पद पर पदोन्नति, कार्यदेशक से प्रधानाचार्य श्रेणी दो के पद पर पदोन्नति शीघ्र की जाय। इसके साथ ही वर्ष 2016 में नियुक्त अनुदेशकों की वरिष्ठता सूची जारी होना एवं अन्य मांग शामिल हैं। कहा कि सभी समस्याओं से संघ निदेशालय को पत्रों एवं वार्ताओं के माध्यम से अवगत कराता रहा है परंतु निदेशालय की ओर से कोई ठोस कदम न उठाये जाने से कर्मचारियों में अत्यंत निराशा है। मांग की गई कि वार्षिक स्थानांतरण नीति 2022-23 की समयावधि बढ़ाते हुए शासनादेश से आच्छादित हो रहे जरूरतमंद कार्मिकों का स्थानांतरण किए जाने संबंधित निर्णय लिया जाय। चेतावनी दी कि अन्यथा की स्थिति में संघ के पदाधिकारी व सदस्य लखनऊ स्थित मुख्यालय पर को सत्याग्रह (अनशन) करने के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में संघ शाखा मिर्जापुर अध्यक्ष राकेश कुमार, मंत्री सुरेश कुमार, उपाध्यक्ष विशाल उपाध्याय, कोषाध्यक्ष दयाशंकर मोहनियां, शाखा सदस्य नटराज नारायण दीक्षित, उमेश वर्मा, रामजी, राजकुमार दास, नीरज कुमार एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।