जिगना क्षेत्र के पटेहरा में कथा के दौरान मौजूद श्रोता।-सोशल मीडिया।
श्री हनुमत महायज्ञ में मानस कोकिला कुमकुम पांडेय ने किया संगीतमय कथा वाचन
जिगना। पटेहरा स्थित श्रीराम-जानकी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्री हनुमत महायज्ञ के दौरान बुधवार को कथा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वाराणसी की प्रसिद्ध कथा वाचक मानस कोकिला कुमकुम पांडेय ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का संगीतमय वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कथा के दौरान कुमकुम पांडेय ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग की महिमा का वर्णन करते हुए भक्ति, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया। उनके मधुर भजनों और भावपूर्ण प्रस्तुति पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर कथा सुनते रहे। कथा के दौरान मिर्जापुर के रत्नाकर चौबे ने कहा कि भगवान राम मर्यादा के सर्वोच्च आदर्श हैं। उनका जीवन सत्य, धर्म, त्याग, करुणा और कर्तव्यपरायणता का अनुपम उदाहरण है। अयोध्या से पधारीं शांति श्रेया दीदी ने रामचरित की कथा सुनाते हुए कहा कि प्रभु राम का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर यज्ञाचार्य डॉ. बृजेश द्विवेदी, श्यामाचरण दास, चिंतामणि पाठक, राजेंद्र पाठक आदि मौजूद रहे।