अहरौरा। मां भंडारी देवी के दर्शन के लिए रविवार को श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां भंडारी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सावन के रविवार को सुबह से ही पहाड़ पर स्थित मां भंडारी देवी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई देवी आराधना में लीन नजर आया। भंडारी देवी धाम में मां के जयकारे से परिसर गुंजायमान रहा। पहाड़ पर मां के दर्शन-पूजन और मेला मेंं घूमने का क्रम अनवरत चलता रहा। सावन माह के रविवार को अहरौरा पहाड़ पर विराजमान मां भंडारी देवी के दरबार में दर्शनार्थी अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। मंदिर पहुंची महिलाओं ने मां को हलवा-पूड़ी का भोग लगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर के बाहर कतार में खड़े भक्तजन माता का जयकारा लगाते चल रहे थे। मां भंडारी देवी मंदिर के पुजारी का कहना था कि रविवार को लगभग बीस हजार श्रद्धालुओं ने माता का दर्शन-पूजन किया। भंडारी देवी मंदिर परिसर तक जाने के लिए रास्ते में कीचड़ होने के कारण श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना करना पड़ा। गड्ढों में भरे पानी व कीचड़ होने से लोगों को उसी में होकर गुजरना पड़ा। पहाड़ के चारों ओर खिलौने और चाट की दुकानें सजी रहीं। जहां बच्चों व उनके अभिभावकों की भीड़ लगी रही। मां भंडारी के जयकारे से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।