मिर्जापुर। नगर पालिका बोर्ड की लालडिग्गी स्थित कार्यालय में शनिवार को हुई बैठक में सभासदों ने सड़कें खोदकर छोड़ दिए जाने तथा स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि स्ट्रीट लाइट खराब होने पर जल्दी नहीं बनाई जाती है। उनका यह भी कहना था कि पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में घाटों पर रात्रिकालीन फूड जोन बनाने के लिए चर्चा की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान कुछ सभासदों ने शिकायत की कि चार फीट चौड़ी छोटी गलियों में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन नहीं बिछाई जा रही है। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जिन गलियों में सीवर लाइन नहीं बिछाई जा रही है, उसकी सूची बनाकर उपलब्ध कराएं। उन गलियों में भी कार्यदायी संस्था के माध्यम से सीवर लाइन बिछवाने का काम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि खराब स्ट्रीट लाइट बनवाने के लिए तीन टीमें गठित की जा रही हैं। जो काम करके उसकी रिपोर्ट देंगी। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में अमृत योजना के कारण असुविधा हो रही है, उनकी सूची निर्धारित प्रारूप में भर कर उपलब्ध कराएं। सूची के आधार पर समस्याओं के निपटारे के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी जी लाल ने सभासदों को निर्धारित प्रारूप भी उपलब्ध कराया।
बैठक में घाटों पर रात्रिकालीन फूड जोन बनाने पर भी चर्चा की गई। सभासदों का कहना था कि पहले घाटों का सर्वे किया जाना चाहिए। उसके बाद वेंडरों को जगह उपलब्ध कराई जानी चाहिए। बैठक में नगर में पौधरोपण अभियान को सफल बनाने और वार्डों में लोगों को जागरूक कर ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण पर जोर दिया गया। बैठक में सदस्यों ने पालिका की आय बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी चर्चा की। सदस्यों का कहना था कि राजस्व में वृद्धि होने से विकास को गति मिलेगी। साथ ही नगर में तेजी से विकास कार्य कराए जा सकेंगे। नगर में यातायात के दबाव को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर ऑटो स्टैंड बनाने के लिए सदस्यों ने सहमति जताई है। नगर के पीतल और कालीन उद्योग के पुनरूत्थान के लिए भी सहमति जताई गई। बैठक में नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई। नगर अभियंता विपिन मिश्र ने सड़क पर हुए गड्ढों में गिट्टी डालकर समतल कराने की बात कही।