देवहट ग्राम पंचायत के प्रधान ने शुक्रवार को मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर लहुरियादह गांव में पाइपलाइन के जरिए जलापूर्ति की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान का कहना था कि यदि भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव से पाइप लाइन के जरिए पेयजल की आपूर्ति शुरू करा दी जाए तो लहुरियादह गांव में पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सकता है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि जब तक पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू नहीं हो जाती है, तब तक टैंकर से पेयजल की आपूर्ति के लिए ग्राम पंचायत को अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की भी मांग की मांग की गई है। आयुक्त को दिए गए ज्ञापन में ग्राम प्रधान कौशलेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया है कि देवहट ग्राम पंचायत को लहुरियादह गांव में प्रतिदिन सात से आठ टैंकर पानी की आपूर्ति करनी पड़ती है। प्रति टैंकर आठ सौ रुपये की दर से आठ टैंकर पानी की आपूर्ति के लिए ग्राम पंचायत को 6400 रुपये प्रतिदिन खर्च करना पड़ रहा है। लहुरियादह गांव में पेयजल की आपूर्ति के लिए देवहट ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष 22 से 23 लाख रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्राम प्रधान ने कहा कि इतनी बड़ी धनराशि पेयजल आपूर्ति पर खर्च हो जाने से ग्राम पंचायत के अन्य विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त धन मिले बिना ग्राम पंचायत निधि से लहुरियादह गांव में टैंकर से पेयजल की आपूर्ति कर पाना मुश्किल होता जा रहा है। ग्राम प्रधान ने कहा कि लहुरियादह में पेयजल आपूर्ति के लिए भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव में काफी धनराशि खर्च करने के बावजूद पानी टंकी का निर्माण अधर में लटका हुआ है।