संवाद न्यूज एजेंसी
चुनार। चुनार के नव निर्मित वाह्य न्यायालय और तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि न्यायालय और तहसील परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में काश्तकार, वादकारी और फरियादी आते हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना आवश्यक है।
अधिवक्ताओं ने बताया कि वाह्य न्यायालय में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के न्यायालय के साथ ही तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के न्यायालय संचालित होते हैं। यहां संपत्ति संबंधी मामलों सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों, पुलिस की ओर से शांति भंग से संबंधित मामलों की सुनवाई होती है। इसके अलावा राजस्व एवं पुलिस से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी बड़ी संख्या में लोग तहसील पहुंचते हैं। तहसील परिसर में खाद्य आपूर्ति विभाग और रजिस्ट्री कार्यालय भी स्थित हैं, जहां नगर पालिका क्षेत्र और तहसील क्षेत्र के गांवों से लोग भूमि की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिए आते हैं।
आए दिन न्यायालय और तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के साथ घटनाएं होती रहती हैं। ऐसी स्थिति में अधिवक्ताओं, वादकारियों और फरियादियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। उनका कहना है कि न्यायालय में मामलों की सुनवाई और रजिस्ट्री कार्यालय में भूमि संबंधी कार्यों के दौरान लोगों के बीच धनराशि का लेनदेन भी होता है। ऐसे में बड़ी रकम लेकर परिसर में घंटों तक रुकना जोखिम भरा हो सकता है।
क्या बोले
न्यायालय में मुकदमों की सुनवाई और रजिस्ट्री कार्यालय में भूमि संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों के बीच धनराशि का लेनदेन होता है। बड़ी रकम साथ लेकर तहसील परिसर में घंटों रुकना जोखिम भरा है। इसलिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना आवश्यक है।
मुन्नू प्रसाद गुप्ता, अधिवक्ता
तहसील में आने वाला व्यक्ति सतर्क रहता है, लेकिन यदि कोई घटना हो जाती है तो आरोपी की पहचान करने में कठिनाई हो सकती है। सीसीटीवी कैमरे लगे होने से घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में आसानी होगी।
कैलाशनाथ सिंह, अधिवक्ता
परिसर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाना जरूरी है। इससे आपराधिक या अन्य अवांछित गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान करने में सहायता मिलेगी।
राहुल सिंह, अधिवक्ता
न्यायालय और तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देने की आशंका रहती है। सीसीटीवी कैमरे लगे होने से ऐसे लोगों में भय बना रहेगा।
शशिकांत मिश्रा, अधिवक्ता