दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लिया। मिर्जापुर पहुंचने पर भाजपा के नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने उन्हें अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने भी रेखा गुप्ता का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मां विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। देश-प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। वह दोपहर 1:40 बजे त्रिशक्ति मार्ग से द्वार संख्या एक पर पहुंचीं। वहां पर भाजपा के नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने उन्हें अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने भी रेखा गुप्ता का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
विज्ञापन
कुछ देर होटल में रुकने के बाद रेखा गुप्ता और उनके पति मनीष गुप्ता पूजन सामग्री के साथ गर्भगृह पहुंचे। दोनों ने विधिवत मां विंध्यवासिनी का चरण पूजन किया। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में अपने पति को माला पहनाई और मां विंध्यवासिनी से आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद वह विंध्य कॉरिडोर होते हुए फिर से द्वार संख्या एक पर पहुंचीं। यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से उनके दर्शन का सौभाग्य मिला। मैंने मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना की कि देश-प्रदेश की जनता खुशहाल रहे।
करीब 40 मिनट तक परिसर में रहने के बाद वह गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान पुलिस व्यवस्था को लेकर कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, मंत्री रवींद्र जायसवाल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भारतीय जनता पार्टी नगर पश्चिमी के तत्वावधान में नगर अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा के नेतृत्व में नटवां चौराहे पर स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।