मिर्जापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के डिंगुरपट्टी में सर्प दंश से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर शव रख कर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को पत्रक सौंप कर आवास दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि आवास की मांग की गई थी यदि घर बन जाता तो खंडहर जैसे मकान में में नहीं सोना पड़ता। युवक की जान न जाती।
डिंगुर पट्टी गांव निवासी विजय कुमार अपने पांच पुत्र और दो पुत्रियों के साथ जर्जर हो चुके कच्चे मकान में रहता है। बरसात के कारण उसके घर की हालत दयनीय हो गई है। उसने कुछ दिनों पहले प्रशासन से पत्रक दे कर आवास और गरीबी रेखा के नीचे का कार्ड दिलाने की मांग की थी। काफी प्रयास के बाद भी उसे न तो आवास मिला और राशन कार्ड। मजबूरी में वह खंडहर में तब्दील मकान में रह रहा था। सोमवार की सुबह छह बजे के लगभग सर्प ने उसके पुत्र देवव्रत को डस लिया था। इलाज से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वाले शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। उनके साथ तमाम ग्रामीण भी आ गए और प्रदर्शन करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि कच्चे मकान के कारण सर्पदंश से एक पिता से उसका पुत्र छिन गया। ग्रामीणों ने बताया कि मकान न होने के बावजूद आवास की मांग करने पर भी उसे आवास नहीं दिया गया। इससे प्रशासनिक लापरवाही साबित हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पात्रों को योजनाओं का लाभ न देकर अपात्रों को सुविधा शुल्क लेकर योजना का लाभ दिया जा रहा है। पिड़ित के परिवार का गरीबी रेखा का कार्ड भी नहीं बनाया गया है। उन्होंने मांग किया कि मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाय। प्रदर्शन करने वालों में दीप कुमार, श्यामराज, प्रेम प्रकाश, हाकिम सिंह, दूधनाथ, जैराम, मारुति देवी, गुड़िया, सरिता देवी शामिल रहे।