मड़िहान। लालगंज थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव में बुधवार की शाम को कुएं की दीवार ढहने से मलबे में दबे किसान के शव को 19 घंटे चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद गुरुवार की सुबह मलबे से निकाला गया। बुधवार की सुबह कुएं पर लगे पंप सेट को बंद करते समय कुएं की दीवार ढहने से किसान मनोज कुमार दुबे दब गया था। देर रात तक रेस्क्यू आपरेशन चला, पर सफलता नहीं मिली। सुबह दोबारा शुरू हुए रेस्क्यू अभियान में शव को बरामद किया गया। गुरुवार की सुबह ऊर्जा राज्यंत्री रमाशंकर पटेल, डीएम सुशील कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। डीएम ने परिजनों को ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने किसान बीमा दुर्घटना का लाभ दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र निवासी मनोज कुमार दुबे (35) की जमीन में एक कुआं है। मनोज सिंचाई के लिए कुएं पर दीवार बनाकर पंप सेट लगाया है। बुधवार की शाम को वह खेत की सिंचाई पूरी होने के बाद वह कुएं पर पंप सेट को बंद करने गया। इस दौरान कुएं की दीवार ढहने लगी, मनोज वहां से भागने की कोशिश किया तब तक वह मलबे के साथ कुएं में चला गया। कुएं में गिरने के बाद मलबा उसके ऊपर गिर गया। जानकारी होने पर एसपी डा. धर्मवीर सिंह और एसडीएम मड़िहान विमल कुमार दुबे फायर ब्रिगेड, पोकलेन, जेसीबी, आस्का लाइट आदि की मदद से रेस्क्यू शुरु कराया। दो पोकलेन की मदद से कुंए के दो ओर से गड्ढा खोदा गया। एसडीएम विमल कुमार दुबे के नेतृत्व में थानाध्यक्ष मड़िहान राजीव सिंह की देख रेख में देर रात दो बजे तक रेस्क्यू अभियान चला। इसके बाद सुबह छह बजे रेस्क्यू फिर से शुरु हुआ। सुबह नौ बजे डीएम सुशील कुमार पटेल, एडीएम यूपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल भी मौके पर पहुंच कर परिजनों से बात कर ढांढस बंधाया। आपदा राहत के दौरान सुबह 11 बजे 19 घंटे बाद किसान मनोज कुमार दुबे का शव मिला। शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।