ड्रमंडगंज। इंडियन इंस्टिट्यूट आफ ट्रापिकल मैट्रोलाजी पुणे (पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय) की ओर से एक ऐसा मोबाइल ऐप विकसित किया है जो मोबाइल में सक्रिय होने पर आकाशीय बिजली गिरने की समय रहते सूचना दे देगा। इसे दामिनी लाइटिंग एलर्ट मोबाइल ऐप का नाम दिया गया है।
प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने सभी किसानों को इससे जुड़ने की सलाह देते हुए कहा है कि यह मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर पर नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा यह ऐप उपयोगकर्ता को आकाशीय बिजली से बचाव के तरीकों के संबंध में भी सूचना प्रदान करता है। इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने पर यह ऐप उपयोगकर्ता की मोबाइल पर उसके लोकेशन के अनुसार उस स्थान से 20 किलोमीटर व्यास में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी के बारे में आडियो संदेश तथा एसएमएस द्वारा सावधान कर देता है। जिससे उपयोगकर्ता समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकते हैं । इस ऐप में तेज गरज और आंधी तूफान के साथ-साथ बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली से बचने के लिए खुले खेतों, पेड़ों के नीचे, पहाड़ी इलाकों तथा चट्टानों का उपयोग न करने की भी सलाह दी गई है।