वाराणसी के जंसा क्षेत्र के लापता हुए दो बालकों को पड़री पुलिस ने मंगलवार की सुबह क्षेत्र के दाढ़ीराम जंगल से बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान बालकों ने तीन फरवरी को कुछ लोगों द्वारा घर पहुंचाने के नाम पर कार से अपहरण कर लिए जाने की बात बताई। कहा कि तीन दिनों तक आरोपी दोनों को जगह जगह घुमाते रहे । सोमवार की रात दोनाें को कार से जंगल में छोड़ कर चले गए। किसी तरह भटक कर दाढ़ीराम पहुंचे और वहां के ग्रामीणों को मामले से अवगत कराया ।
ग्रामीणों ने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पड़री थानाध्यक्ष ने बालकों को बरामद कर जंसा पुलिस को सूचना दी। जानकारी होने पर थानाध्यक्ष जंसा रामउजागिर टीम के साथ पड़री थाने पहुंचे, बच्चों को बनारस ले गए।
गाजीपुर जनपद के खड़वरिया थाना क्षेत्र के सादियाबाद निवासी अमन दूबे 15 वर्ष पुत्र पवन दूबे वाराणसी जनपद के जंसा थाना क्षेत्र स्थित डीहगंज बंजारी निवासी अपने फूफा भास्कर दूबे के यहां रह कर पढ़ता है। अमन शिवम इंटर कॉलेज रोहनिया में कक्षा नौ का छात्र है। इसी कॉलेज में डीहगंज बंजारी निवासी हर्षधर दूबे उर्फ छोटू 14 वर्ष पुत्र शेषधर दूबे भी पढ़ता है। पुलिस के अनुसार तीन फरवरी को भास्कर दूबे व गांव के ही एक व्यक्ति से गुमटी रखने को लेकर विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची सौ नंबर पुलिस दोनों पक्षों को जंसा थाने ले गई। दोपहर दो बजे दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता होने पर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
भास्कर दूबे के अनुसार सुलह समझौता के बाद उसके विपक्षी समत चार लोग अमन तथा हर्ष को घर छोड़ने के बहाने अपने गाड़ी में बैठा लिया। लेकिन उन्हें घर छोड़ने की बजाय तीन दिनों तक गाड़ी में बैठा कर घुमाते रहे। इसके बाद एक मकान में ले जाकर कैद कर दिया।