प्रमुख सचिव रेशम ने गुरुवार की शाम जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन भवन का बीम टेढ़ी मिलने पर पैकफेड के जेई एवं एई को कड़ी फटकार लगाई।
प्रसव कक्ष समेत अन्य स्थानाें पर गंदगी मिलने पर सीएमएस को भी डांटा। चेतावनी दी कि साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख सचिव रेशम नवतेज सिंह गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। समस्त वार्डंाें का निरीक्षण कर भर्ती महिला मरीजाें से उनके इलाज तथा स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की।
कई मरीजाें ने प्रमुख सचिव रेशम से लचर व्यवस्था होने की शिकायत की। प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर वहां काफी कमियां तथा गंदगी मिलने पर सीएमएस शशि मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई।
वहीं नसंबदी का प्रतिशत कम होने पर नाराजगी जताई। अस्पताल परिसर में पैकफेड एजेंसी द्वारा 79 लाख 74 हजार रुपये की लागत से बनाए जा रहे भवन का बीम टेढ़ा मिलने पर नाराजगी जताई।
टेक्निकल टीम से जांच कराया तो टीम ने बताया कि बीम काफी टेढ़ी है जो करीब 15 वर्ष पुरानी होने पर गिर भी सकती है। इस पर वह निर्माण एजेंसी के जेई महाजन एवं एई पर बिफर पड़े और बीम को तोड़ कर नया बीम बनाने को कहा। साथ ही ठेकेदार को भुगतान को रोकने का निर्देश देते हुए उसे काली सूची में डालने के लिए कहा।
उन्होंने जिले में बनने वाले प्रत्येक भवन के प्लास्टर से पहले टेक्निकल टीम से जांच कराने का निर्देश दिया। जांच के बाद ही भवनाें पर प्लास्टर लगाने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, सीओडी अमित कुमार सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता एके सिंह, समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।