अखबार में खबर कैसे छपती है और न्यूज कहां से आती है यह बाल जिज्ञासा तपती दुपहरी पर भारी पड़ी। सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर के कक्षा पांच के छात्रों ने गुरुवार को अमर उजाला कार्यालय पहुंच कर अखबार की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान नौनिहालों ने कई रोचक प्रश्नों के माध्यम से ज्ञान कौशल में वृद्धि की कोशिश की।
पंद्रह-पंद्रह बच्चों की दो टोलियों ने अखबार कब से निकल रहा है, न्यूज कहां से आती है, कितने संवाददाता जिले भर में काम करते हैं और कौन सी समस्या आने पर किस विभाग में संपर्क किया जाय आदि की जानकारी ली।
कई बच्चों ने पूछा कि पत्रकारों को कौन बताता है कि फलां जगह पर दुर्घटना हुई है तो कुछ ने पूछा कि रात कितने बजे अखबार छप जाता है।
बच्चों ने देश की राजनीति और खेल संबंधित पन्नों पर छपने वाली विदेशी समाचारों के बारे में जानने का प्रयास किया। इस पर उन्हें विभिन्न न्यूज एजेंसियों और इनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।
अखबार के दफ्तर में पहुंचे छात्रों ने उपकरणों में भी रुचि दिखाई और उनके माध्यम से समाचारों के प्रकाशन की जानकारी ग्रहण की।
जानकारी प्राप्त करने वालों में अंलकृति, अंतिका, मानसी, गगनदीप , अंश, अबू जाहिद, नवतेज, शौर्य, कार्तिक, आस्था, प्रतीची, पुरु, अनुष्का, अंशिका, आकाश, सौरभ, कौशलेंद्र, तनिष्का आदि शामिल रहे।
बच्चों के साथ उनके शिक्षक मीनाक्षी मिश्र, शादिया बानो और सुरेन्द्र यादव मौजूद रहे।