मिर्जापुर। जंगी रोड स्थित सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय से बुधवार की शाम उप श्रमायुक्त पंकज राणा ने एक व्यक्ति को पकड़ा। बताया गया कि वह व्यक्ति एक सीएससी का संचालक है, जो श्रमिकों से पैसा लेकर उनका काम कराने का दावा करता है। डीएलसी ने सहायक श्रमायुक्त को संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
उप श्रमायुक्त ने बताया कि वे बुधवार को सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में थे। उनसे ओमप्रकाश नाम के एक पंजीकृत श्रमिक ने शिकायत की कि उसने मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना में ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन उसका हित लाभ उसे नहीं मिला। इस मामले को लेकर वहां उनको शैलेंद्र नाम का एक व्यक्ति मिला। जिसने उससे कहा कि यदि उसे वह 1000 रुपये दे दे तो उसका धन उसके खाते में दे दिया जाएगा। ओमप्रकाश के पास पांच सौ रुपये थे। उसने वह रुपये शैलेंद्र को दे दिया। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी होने पर शैलेंंद्र से पूछताछ की गई तो उसने इस बात को स्वीकार किया। कहा कि वह कार्यालय में आता जाता है। इसके बाद आरोपी व्यक्ति से पांच सौ रुपये ओमप्रकाश को वापस कराया गया। उप श्रमायुक्त ने सहायक श्रमायुक्त को संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। साथ ही दो जून तक उसे प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया।