मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ के पलट प्रवाह का दबाव कम होने पर दो दिन यातायात सामान्य हुआ था, लेकिन शनिवार को फिर से श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। ट्रेनों और बसों में भीड़ के कारण यात्रियों में धक्कामुक्की होती रही। वहीं, सड़क पर भी वाहनों की कतारें लगी रहीं।
प्रयागराज महाकुुंभ की वजह से एक महीने से ट्रेनों, बसों और सड़कों पर रेला उमड़ रहा है। प्रतिदिन चार से पांच लाख वाहनों का आवागमन हो रहा था। वहीं, ट्रेनों में भीड़ ही भीड़ नजर आ रही थी। पूर्णिमा स्नान के बाद दबाव कम होने से कुछ राहत मिली था। शनिवार को फिर से ट्रेनों, बसों और सड़क पर भीड़ उमड़ पड़ी। मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर दो महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें रुकीं, जो ठसाठस भरी हुई थीं। यात्री ट्रेनों में सवार नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में यात्रियों में धक्का-मुक्की होती रही। वहीं, सड़क मार्ग पर प्रयागराज से विभिन्न प्रदेशों के वाहनों के आने का सिलसिला जारी रहा। जाम तो नहीं लगा, पर सड़क पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। शास्त्री पुल, चील्ह और सेम्फोर्ड के पास वाहनों का दबाव ज्यादा रहा।