अहरौरा सीएचसी पर शनिवार की रात हनुमान पहाड़ी के पास हुए हादसे में घायल लोग।
- फोटो : mirzapur
सोनभद्र से 37 मजदूरों को लेकर वाराणसी जा रहे ट्रैक्टर की ट्राली में पीछे से आ रहे ट्रक ने शनिवार की रात लगभग साढ़े 12 बजे अहरौरा थाना क्षेत्र के हनुमान पहाड़ी के पास टक्कर मार दिया। दोनों वाहनों के बीच हुए टक्कर में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 32 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी अहरौरा में भर्ती कराया है। जिसमें पांच की हालत चिंताजनक होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। बताते चलें कि सोनभद्र के कोन और मध्य प्रदेश के सिंगरौली के करीब 37 मजदूर इन दिनों घूम घूम कर किसानों के खेतों में गेहूं के फसल की कटाई का काम कर रहे हैं।
कटाई का काम समाप्त होने पर शनिवार की रात शाहगंज से वाराणसी के पिरखी गांव के लिए ट्रैक्टर पर सवार होकर रवाना हुए थे। रात्रि लगभग ढाई बजे चालक जैसे ही ट्रैक्टर लेकर अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित हनुमान घाटी के पास पहुंचा कि पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्राली में टक्कर मार दिया।
इससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सिंगरौली के देवरा गढ़वा निवासी विजय 15 वर्ष पुत्र सूरज ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ट्राली में सवार 32 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।