कृषि विज्ञान केंद्र तिसुही कार्यालय के पोर्टिको में चारपाई पर सोये चौकीदार के सिर में गोली मार कर शुक्रवार की रात अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। कार्यालय की आलमारी को तोड़कर उसमें की फाइलें लूट ले गए और वहां खड़ी विभागीय मार्शल गाड़ी का शीशा तोड़ डाला। सुबह वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर महेश पाल सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मौके पर पहुंचे डाग स्क्वॉड व फारेसिंक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
कटघरा कुमारगंज फैजाबाद जनपद निवासी शिवप्रसाद यादव (55) की चौकीदार पद पर नियुक्ति वर्ष 2007 में कृषि विज्ञान केंद्र सोनभद्र फसल अनुसंधान केंद्र तिसुही में हुई थी। केंद्र पर दो चौकीदारों की तैनाती है। शिव प्रसाद की ड्यूटी दिन में रहती थी जबकि उसका दूसरा साथी केदार रात में ड्यूटी देता था। दो दिन पूर्व केदार छुट्टी पर घर गया था। लिहाजा रात में शिवप्रसाद ही ड्यूटी दे रहा था। घटना स्थल से थोड़ी दूर पर स्थित आवास से भोजन करने के बाद कार्यालय के पोर्टिको के नीचे चारपाई पर सो गया। इसी दौरान पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार कर उसकी हत्या कर दी और कार्यालय में लूटपाट व तोड़फोड़ की। आलमारी में रखी कई फाइलें में उठा ले गए। जांच में पुलिस को कार्यालय के किचन में चार रोटी व सब्जी मिली है। जब शिव प्रसाद घर से खाना खाकर गया था तो फिर किचन में खाना किसके लिए रखा था। मौके पर पहुंचे डाग स्क्वॉड भी हत्यारों के बारे में कुछ पता नहीं कर पाया। पुलिस केंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों को थाने में बुला कर क्राइम ब्रांच की टीम अलग अलग पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि दो चौकीदार के अलावा रात में कोई वहां नहीं रहता था। एएसपी आपरेशनएके सिंह ने बताया कि हत्याकांड की जांच शुरू कर दी गई है। कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जल्दी हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
फोन भी लेते गए साथ
मिर्जापुर। चौकीदार की हत्या करने के बाद हत्यारे राज छिपाने की कोशिश में मृतक का मोबाइल फोन भी साथ लेते गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि मोबाइल फोन से हत्यारों तक पहुंचने में पुलिस को आसानी होगी, यदि मोबाइल पुलिस के हाथ लगता है तो घटना जल्द ही खुल सकती है।