कटरा कोतवाली क्षेत्र के मुकेरी बाजार टैंपो स्टैंड के पास मंगलवार की रात अबूझ हाल में दोना, पत्तल, रस्सी, प्लेट की दूकान में आग लग गई। जिसमें 20 हजार नगदी समेत चार लाख रुपये का सामान जल कर नष्ट हो गए। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुकेरी बाजार निवासी मनोज कुमार ने मुकेरी बाजार में ही दोना, पत्तल, रस्सी समेत अन्य सामानों की दूकान खोली है। प्रतिदिन की भांति मंगलवार की रात दूकान मालिक दस बजे दूकान बंद कर घर चला गया। रात करीब दो बजे मनोज के घर के बगल चाय की दूकान लगाने वाली लक्ष्मीना ने देखा कि मनोज की दूकान से आग की लपटें उठ रही हैं। लपटें देखते ही वह भागकर मनोज के घर पहुंची और घटना की सूचना दी।
दूकान में आग लगने की खबर लगते ही दूकानदार भाग कर दूकान पर पहुंचा और शटर खोला तो अंदर का मंजर देखकर हैरान हो गया। उसने तत्काल कटरा पुलिस व अग्निशमन विभाग को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंच दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पर आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई गई तबतक मनेाज का दूकान में रखा 20 हजार रुपया नगदी तथा करीब चार लाख रुपये के रस्सी, पत्तल, प्लेट, समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।