वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर फत्तेपुर गांव के पास स्थित टोल प्लाजा के कर्मियों ने शनिवार की शाम उपजिलाधिकारी चुनार की गाड़ी रोक ली। अर्दली के बताने के बावजूद कर्मचारियों ने कहा कि बगैर पैसा लिए जाने नहीं देंगे। इसको लेकर मौके पर पहुंचे लेखपालों और कर्मियोें में विवाद हो गया।
अदलहाट थानाध्यक्ष ने बैरियर के मुंशी को हिरासत में लेकर थाने ले आए। यहां पंचायत चलती रही।
एसडीएम अवधेश मिश्रा शनिवार की शाम मिर्जापुर आ रहे थे। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर टोल प्लाजा के कर्मियों ने उनकी गाड़ी को रोककर कहा कि टोल टैक्स देने के बाद ही जाने देंगे। अर्दली ने बैरियर के मुंशी को बताया कि गाड़ी एसडीएम चुनार की है लेकिन इसका असर नहीं पड़ा।
इसके बाद अर्दली और प्लाजा कर्मियों के बीच नोकझोंक होने लगी। जानकारी होेते ही समाधान दिवस से लौट रहे लेखपाल पहुंच गए। मामला बढ़ने पर पहुंचे अदलहाट थानाध्यक्ष योगेश यादव पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में प्लाजा पर बैठे बैरियर मुंशी राहुल को हिरासत में लेकर थाने ले आए।
सूत्रों की मानें तो यह कोई नहीं घटना नहीं है। इसके पूर्व पुलिस की गाड़ी को भी कई बार रोका गया है।