बालीघाट-धरमघर सड़क में करुली के पास हवा में लटका बोल्डर।
- फोटो : अमर उजाला
सोनपुर स्थित भगौती देई पहाड़ पर अवैध खनन कराते समय मंगलवार की दोपहर एक बड़ा चट्टान खिसक कर तीन मजदूरों के ऊपर गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पास के पहाड़ियों में कार्य करने वाले लोगों ने मलबे में दबे दोनों श्रमिकों को बाहर निकाल कर वाराणसी भेजा। एएसपी सिटी अशोक शुक्ला अहरौरा पुलिस के साथ पहुंचे और जेबीसी से चट्टान के नीचे दबे मजदूर के शव को बाहर निकलवा कर पंचनामा भरवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
अहरौरा थाना क्षेत्र के सरसवा गांव निवासी महेश त्रिपाठी पुत्र हरिओम मंगलवार को क्षेत्र के सोनपुर स्थित भगौती देई पहाड़ पर अवैध खनन करा रहा था। जिसमें पटिहटा गांव निवासी प्यारेलाल (40) अपने साथी कल्लू पटेल (45) व मुन्नू पटेल (40) के साथ पत्थर तोड़ रहा था। तीनों मजदूर पहाड़ी पर जमे मिट्टी के ढेर को हटा रहे थे कि एक बड़ा चट्टान उनके ऊपर गिर पड़ा। जिसके मलबे के नीचे प्यारेलाल समेत तीनों मजदूर दब गए। हादसा होता देख अगल बगल के खदानों पर खनन कार्य कर रहे मजदूरों ने कल्लू व मुन्नू पटेल को आनन फानन में मलबे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल कल्लू को इलाज के लिए वाराणसी भेजा जबकि मुन्नू को वहीं भर्ती करा दिया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक शुक्ला अहरौरा थानाध्यक्ष रमाकांत यादव के साथ पहुंचे और जेसीबी से चट्टान को हटवा कर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस की सूचना पर खनन विभाग के सर्वेयर रामसुरेश भी मौके पर पहुंच गए। सर्वेयर ने बताया कि महेश त्रिपाठी नाम का व्यक्ति अवैध तरीके से खनन करा रहा था जिसमें चट्टान गिरनेे से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए हैं। हालांकि इस दौरान आसपास अवैध खनन कर रहे खनन माफिया अपने मजदूरों के साथ भाग खड़े हुए । घटना के बाद पटिहटा गांव निवासी नखड़ू की तहरीर पर पुलिस ने महेश त्रिपाठी व कल्लू पटेल तथा एक अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से खनन कार्य कराने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया है। देर शाम जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम विजय बहादुर और तहसीलदार चुनार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।