इलाहाबाद बैंक शाखा चील्ह में तैनात 28 वर्षीया एक महिला बैंक अधिकारी का शव कटरा कोतवाली क्षेत्र के सबरी स्थित उसके कमरे में सोमवार की सुबह फंदे से लटकते हुए मिला। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने मालिक से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
झारखंड प्रांत के थाना हरन क्षेत्र के बोकारो निवासिनी रेशमा 28 वर्ष इलाहाबाद बैंक में तैनात थी। पिछले पांच वर्ष से उसकी तैनाती मिर्जापुर जनपद के चील्ह शाखा में बैंक अधिकारी के पद पर थी। रेशमा कटरा कोतवाली क्षेत्र के सबरी चौराहा लोहंदी रोड निवासी दिनेश बरनवाल के मकान में किराये पर रहती थी। मकान मालिक के अनुसार रेशमा रविवार की सुबह कही घूमने गई थी। रात करीब साढ़े आठ बजे लौट कर आई तो कमरे में सोने चली गई।
सुबह करीब आठ बजे दूधिया दूध देने गया तो उसका दरवाजा बंद पाया। कई बार बुलाने के बाद भी उसने से दरवाजा नहीं खोला तो मेरे पास आकर इसकी सूचना दी। आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन कटरा कोतवाल सुनील दत्त दूबे के साथ पहुंचे और दरवाजा तोड़वाया तो देखा कि रेशमा बड़े में बंधे दुपट्टे के फंदे से लटक रही थी। पुलिस ने शव नीचे उतरवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।