थाना क्षेत्र के खोराडीह गांव निवासी एक दंपति की आपसी विवाद के बाद सोमवार की दोपहर तीन बजे किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खोराडीह गांव निवासी शिवकुमार 25 वर्ष पुत्र शेषनाथ चौहान कुछ महीने पूर्व मुंबई में कमाने के लिए गया था। रविवार को वह मुंबई से घर आया था। देर रात उसकी पत्नी उर्मिला 21 वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
काफी देर तक नोकझोंक होने के बाद परिवार के लेागों ने समझा बुझा कर किसी तरह दोनों को शांत कराया। सोमवार की सुबह एक बार फिर इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से थोड़ी दूर जाने के बाद पत्नी उर्मिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पत्नी को जहर खाते देख पति शिव कुमार ने भी उसके हाथ से जहरीले पदार्थ का पैकट छीन कर सेवन कर लिया। समय से चिकित्सालय नहीं पहुंचाए जाने पर दोनों ने वहीं पर दम तोड़ दिया। मृतक के पिता के अनुसार करीब तीन वर्ष पूर्व शिवकुमार की चुनार के धबहा गांव में शादी हुई थी। दोनाें ने क्यों इतना बड़ा कदम उठाया इस बात की जानकारी उसे नहीं है। इतना जरूर बताया कि रविवार को मुंबई से आने के बाद से ही दोनों के बीच विवाद हो रहा था।