ड्रमंडगंज। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के रतेह चौराहा स्थित एक सराफा और बर्तन की दुकान में सोमवार की रात पीछे के दरवाजे की कुंडी चटकाकर घुसे चोर 15 हजार रुपए नकदी समेत करीब ढाई लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए । सुबह जानकारी होने पर भुक्तभोगी के भाई ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने पूछताछ की।
बिलरा पटेहरा गांव निवासी शिव सोनी ने रतेह चौराहा स्थित खुटहा मार्ग पर एक किराए के मकान में आभूषण और बर्तन की दुकान खोल रखी है । शिव सोनी विगत तीन जनवरी को ही उज्जैन स्थित अपनी बहन के घर गए हुए हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में शिव सोनी के भाई भोलानाथ सोनी ने बताया है कि भाई की अनुपस्थिति में छोटी बहन दुकान पर बैठती है। भोलानाथ सोनी ने बताया कि मंगलवार की सुबह छोटी बहन जब दुकान के सामने का दरवाजा खोलकर भीतर पहुंची तो देखा कि दुकान का सामान अस्त व्यस्त और तिजोरी भी गायब थी। साथ ही पीछे का दरवाजा भी टूटा हुआ है। उसने इसकी सूचना भोलानाथ को देते हुए शोर मचाया तो वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। तब तक किसी ने बताया कि टूटी हुई तिजोरी दुकान से कुछ दूरी पर खेत में पड़ी है। पुलिस को दी गई तहरीर में भोलानाथ सोनी ने बताया है कि तिजोरी में से 15 हजार रुपए नकद, दो किलोग्राम चांदी और 50 ग्राम सोना गायब हुआ है।