मड़िहान। क्षेत्र के बगहवा जंगल में शुक्रवार की रात ट्रैक्टर से गिरे एक श्रमिक की ट्रैक्टर से कुचलने से मौत हो गई। श्रमिक पत्थर गिराकर खदान से लौट रहा था। श्रमिक की पत्नी रीता ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोप है कि ट्रैक्टर ट्राली से अवैध खनन का पत्थर ले जाया जा रहा था।
क्षेत्र के गोरथरा गांव निवासी दयालू (45) अन्य मजदूरों के साथ शुक्रवार की रात अमदहा निवासी एक व्यक्ति के ट्रैक्टर पर पत्थर लोडिंग करने गया था। पत्थर गिराने के बाद ट्रैक्टर ट्राली लेकर चालक खदान पर वापस आ रहा था। इसी बीच बगहवा जंगल में ट्रैक्टर दयालू ट्रैक्टर से गिरकर पहिये के नीचे आ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लाइसेंस न होने के कारण ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। अन्य श्रमिक दयालू को इलाज के लिए ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था करते कि इससे पहले दयालू की मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि मड़िहान थाना क्षेत्र के जंगल में रातभर बेरोकटोक अवैैध खनन व परिवहन का कार्य चल रहा है। ट्रैक्टर चालक समेत ठेकेदार फरार बताए जा रहे हैं। मामले को रफादफा करने के लिए क्षेत्रीय पुलिस व ठेकेदार के बीच रातभर चली पंचायत चली। इस दौरान समझौते का निर्णय लिया गया।
सीओ आरपेशन हितेंद्र कृष्ण सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जहां तक अवैध खनन एवं परिवहन का मामला है तो एसडीएम के साथ मिलकर छापेमारी कर आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।