मिर्जापुर। हलिया थाना क्षेत्र के फुुलवरिया गांव की रजवंती देवी ने राइस मिल मालिक समेत छह लोगों को बीडीसी पति कालू कोल का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए पति को ढूंढ निकालने की मांग ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर की है। इसमें उन्होंने कहा कि 22 फरवरी को झाड़फूंक करा कर लौटते समय मतवार के पास वाहन सवार छह लोगों ने मेरे पति का अपहरण कर लिया। इसकी सूचना हलिया पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
फलियारी निवासिनी रजवंती देवी के अनुसार इन दिनों हलिया में ब्लॉक प्रमुख का उपचुनाव होने वाला है। जिसमें प्रत्याशी जीत दर्ज करने के लिए हर दाव चल रहे हैं। बताया कि मेरे पति कालू कोल बीडीसी हैं। 22 फरवरी को मेरे पति गांव के ही त्रिवेणी पाल के साथ झाड़फूंक कराने के लिए क्षेत्र के नौडिहा रामपुर गए थे। वहां से झाड़फूंक करा कर त्रिवेणी के गौशाला पर आराम करने चले गए। इसी बीच एक राइस मिल मालिक समेत छह लोग वाहन लेकर आए और मेरे पति कालू का अपहरण कर उठा ले गए। मामले की जानकारी होने पर मेरे पुत्र जयपति ने थानाध्यक्ष को लिखित तहरीर देकर घटना से अवगत कराया लेकिन अभी तक उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। यहीं नहीं मेरे पति का खोजने का प्रयास भी नहीं किया। इससे लगता है कि पुलिस भी सत्ता के दबाव में आकर कोई काम नहीं कर रही है। कहा कि उसे डर है कि कहीं मेरे पति के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। इसलिए आरोपियों के विरुद्घ मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू करा कर बरामद करने की मांग की।