मिर्जापुर। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद रेल सलाहकार समिति के सदस्य डा. शिवपूजन सिंह पटेल ने मंगलवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर तीन आटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के लगातार प्रयास से मशीनें मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर लगाई जा रही हैं। कहा कि इन मशीनों के लग जाने से रेलवे यात्रियों को स्मार्ट कार्ड के माध्यम से पांच प्रतिशत कम रेट पर जनरल टिकट मिलेगा। इससे अब जनरल यात्रियों को लाइन में लग कर टिकट खिड़की से टिकट प्राप्त करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एमएसटी वाले यात्री भी इसका लाभ उठा सकेंगे। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक सहित रेलवे के कई कर्मचारी मौजूद रहे। इसके पूर्व इलाहाबाद मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में डा. शिवपूजन सिंह पटेल ने मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष मिर्जापुर रेलवे स्टेश्ना पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए बात रखी। उन्होंने कहा कि लूसा स्टेशन पर स्टोन डस्ट की लोडिंग की जाती है। गर्मी के दिनों में तेज हवाओं के चलते यात्रियों को परेशानी होती है। लोडिंग की व्यवस्था स्टेशन से दूर की जाय। कहा कि राजगढ़ चुनार प्रदेश राज्य मार्ग पर आरयूबी प्रस्तावित है। भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यकहां का जल स्तर मात्र आठ से दस फीट नीचे है वर्षा के दिनों में पानी निकासी संभव नहीं है। किसानों की समस्या को देखते हुए सभी रन अंडर ब्रिज को रन ओवरब्रिज में तब्दील करना आवश्यक है।