चील्ह। थाना क्षेत्र के पुरजागिर गांव के पास ट्रक से कुचल कर रविवार की दोपहर तीन बजे 14 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पाकर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी होते ही परिजन भी रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे। बालक का शव देखते ही आक्रोशित हो गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर एएसपी नगर प्रकाश स्वरूप पांडेय, एमडीएम सदर आशुतोष दूबे और चील्ह थानाध्यक्ष रमेश यादव मौके पर पहुंचकर परिजनों को किसी तरह समझा बुझाकर जाम खुलवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अजय कुमार 14 वर्ष पुत्र महेश दलित इन दिनों चील्ह थाना क्षेत्र के सोनवर्षा पुरजागिर में रहने वाले अपने मामा के यहां आया हुआ था। रविवार की दोपहर करीब तीन बजे मिर्जापुर औराई मार्ग पर घर से एक दुकान पर साइकल से सामान खरीदने जा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे पुरजागिर गांव के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर से औराई जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। पहिए के नीचे आते ही बालक कुचल दिया और उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और मिर्जापुर-औराई मार्ग को जाम कर दिया। नाराज ग्रामीण घटना स्थल पर ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची चील्ह पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने बताया कि अजय कुमार के पिता कालीन का काम करते है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। तीन बहनें भी हैं।