मिर्जापुर। एसेंबल लोकल टीवी तैयार कर उस पर ब्रांडेड कंपनी का लेबल लगाकर महंगे दाम पर बेचने के मामले में पुलिस ने इलेक्ट्रानिक्स सामान के दो दुकानदारों को गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। संबंधित कंपनी की शिकायत पर शहर एवं कटरा पुलिस की ओर से दो दुकानों पर की गई छापेमारी में दोनों दुकानदारों से 32 लोकल एलडी टीवी बरामद की गई जिसपर ब्रांडेड कंपनी के लेबल लगे पाए गए। दोनों दुकानदारों के खिलाफ कापी राइट एक्ट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पिछले दिनों एक कंपनी के प्रतिनिधि अजय देवलिया ने शिकायत की थी कि मिर्जापुर में कुछ दुकानदार उनकी कंपनी का लेबल लगाकर लोकल टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रानिक सामान बेच रहे हैं जिससे कंपनी का सामान भी नहीं बिक रहा है। यहीं नहीं जल्द सामान खराब होने पर कंपनी का नाम बदनाम हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कटरा कोतवाल संतोष सिंह, शहर कोतवाल अरुण यादव, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर यादव की टीम ने गुरुवार की शाम कटरा कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर रीवा रोड बथुआ तिराहे पर स्थित गीत इलेक्ट्रानिक और शहर कोतवाली के महुवरिया स्थित संतोष इलेक्ट्रानिक पर छापेमारी की। इस दौरान एटलस रेडियो ट्रेडर्स मुंबई के जांच अधिकारियों ने जांच की तो लोकल एसेंबल 32 एलईडी टीवी ऐसी पाई गईं जिनपर संबंधित कंपनी के लेबल लगे थे। शिकायत सही मिलने पर पुलिस ने गीत इलेक्ट्रानिक के मालिक सुरेंद्र कुमार केशरी पुत्र छेदी लाल निवासी साकेतपुरी कालोनी सबरी कटरा कोतवाली तथा राजेश चौरसिया पुत्र शिवपूजन निवासी तहसील रोड महुवरिया शहर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वे काफी समय से यह कार्य कर रहे हैं। वे इलेक्ट्रानिक उपकरण लाकर अपनी दुकान में ही टीवी एसेंबल करते हैं और उसपर संबधित ब्रांडेड कंपनी का लेबल लगाकर महंगे दाम पर बेचते हैं। इससे उन्हें काफी मुनाफा होता था। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कापीराइट एक्ट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।