मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट परिसर के पास बोलेरो सवार महिला से दिनदहाड़े मारपीट, लूट और उसका अपहरण के मामले में चार और आरोपियों को पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के नारघाट से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया। कोतवाल अरुण यादव ने बताया कि 27 अक्तूबर जिगना थाना क्षेत्र के बरबटा गांव निवासिनी मोती कुंवर सिंह पत्नी स्व. अजय बहादुर सिंह अपने भाई लक्ष्मी नारायण के साथ कचहरी में जमीन की रजिस्ट्ररी करने आई थी। रजिस्ट्ररी कर वापस जाते समय बोलेरो सवार छह बदमाशों ने कलेक्ट्रेट परिसर के पर इनकी गाड़ी को रोक कर इनके साथ मारपीट करते हुए बोलेरो में रखे पौने पांच लाख रुपये लूट लिया था। घटना की तहरीर महिला के भाई लक्ष्मी नारायण द्वारा देने पर पुलिस ने अमन समेत छह आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट समेत अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज कर चालक अमन सिंह को नगर के नारघाट से गिरफ्तार किया था जबकि पांच आरोपी फरार चल रहे थे। रविवार को सूचना मिली कि चारों आरोपी क्षेत्र के नारघाट के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक कृष्णानंद राय फोर्स के साथ पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राकेश उर्फ गोलू पुत्र सुरेन्द्र प्रताप सिंह, सन्नी सिंह पुत्र विष्णु सिंह, लवकुश सिंह पुत्र विष्णु सिंह, अंकित उर्फ रुदेश्वर पुत्र रामलल्लन सिंह समस्त निवासी ग्राम डेरवा थाना विंध्याचल, शामिल हैं।