चील्ह/चेतगंज। गोपीगंज रोड पर मझिगवां गांव के सामने शुक्रवार की सुबह सात बजे हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रही छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर छात्रा के परिवारीजनों के साथ ग्रामीणों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे बाद पहुंचे एसडीएम सदर और पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक जाम के दौरान चील्ह-गोपीगंज रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र की औराव गांव निवासी सुनील सोनी की पुत्री राखी सोनी (16) चील्ह थाना क्षेत्र के देवपरवा गांव निवासी अपने मौसा कैलाश सेठ के घर रहती थी। इन दिनों वह पुरजागिर बाजार में मौसा कैलाश नाथ की दुकान के साथ बने आवास में रह रही थी। राखी क्षेत्र के मवैया स्थित चंद्रकला बालिका विद्यालय में हाई स्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह सात बजे वह मवैया स्थित श्री कृष्ण शारदा देवी बालिका विद्यालय में हाई स्कूल की परीक्षा देने साइकिल से जा रही थी। जैसे ही वह चील्ह-गोपीगंज रोड पर मझिगवां गांव के सामने पहुंची कि चील्ह से गोपीगंज की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक के धक्के से छात्रा अनियंत्रित होकर सड़क गिर गई और ट्रक के पहिये के नीचे आ गई। इस दौरान ट्रक ने उसे रौंद दिया जिससे घटनास्थल पर ही राखी की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। हादसे की खबर लगते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। नाराज लोगों ने परिजनों के साथ मिल कर सड़क जाम कर दिया। जानकारी होने पर एसएसआई सूर्यभान मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग एक घंटे तक सड़क जाम होने की सूचना पर एसडीएम सदर अरविंद सिंह चौहान ओर एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय, सीओ सदर बृजेश कुमार त्रिपाठी, थानाध्यक्ष कटरा श्रीकांत राय मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।