चुनार। आम जनता एवं व्यापारियों में अपना आतंक एवं भय कायम करने के लिए शनिवार को दिनदहाड़े नगर के व्यस्त बाजार के सड़कों पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने घटना के बाद देर शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से एक तमंचा सहित तीन कारतूस बरामद हुआ है। युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष यासीन राइन ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के बंदोबस्त किए जाएं। इस प्रकार की घटना दोबारा होने पर व्यापारी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
शनिवार को दोपहर में दो युवक मोटर साइकल से मेन मार्केट में पहुंच कर अकारण हवाई फायरिंग करने लगे। इससे बाजार में भगदड़ मच गई और व्यापारी अपनी दुकान बंद कर भागने लगे। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। इस दौरान फायरिंग कर रहे दोनों युवक लोगों को धमकी भी दे रहे थे। क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार उत्तम ने बताया कि दोनों बदमाशों ने इलाके में अपना आतंक कायम करने के लिए फायरिंग की थी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस एवं एसओजी की टीम इन बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए इनके पीछे लग गई और देर शाम पीडीएनडी कॉलेज के पास भाग रहे दोनों बदमाशों को घेर कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए रैपुरिया गांव के निवासी आलोक उर्फ सोनू और चंदन सिंह के पास से एक 12 बोर का तमंचा एक प्रयोग किया गया और दो सलामत कारतूस मिला है।