मिर्जापुर। क्राइम बांच एवं शहर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की सुबह पक्के पोखरा स्थित चांदी गैस एजेंसी में चार जनवरी को लूटकांड की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरसंडी कांशीराम आवास के पास से गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने इनके पास से लूट के 26 हजार रुपये नकद एवं घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद करते हुए तीनों को जेल भेज दिया। इसका खुलासा पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्रा ने अपने कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में किया।
उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली के पक्के पोखरा में स्थित चांदी गैस एजेंसी में विशाल शर्मा पुत्र राजेंद्र निवासी घुरूहूपटटी शहर कोतवाली आता- जाता था। उसे पता था कि एजेंसी पर लाखों रुपया प्रतिदिन बिक्री का आता है। जिसे उसने लूटने की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए अपने तीन साथी अमन कुमार उर्फ शनि पुत्र श्याम कुमार निवासी विंध्यपुरी कालोनी रमईपटटी शहर कोतवाली, सूरज सिंह पुत्र कृष्ण बहादुर सिंह निवासी नई बस्ती सिविल लाइन पेट्रोल पंप शहर तथा सत्यम श्रीवास्तव पुत्र रामजी लाल निवासी श्रीवास्तव कालोनी रमईपटटी को शामिल कर लिया। चार जनवरी को सभी एक साथ एजेंसी पर पहुंचे । अमन बाहर खड़ा होकर देख रहा था कि अगर कोई इनको पकड़ता है तो वह छुड़ा देगा जबकि विशाल शर्मा बाइक र्स्टाट कर खड़ा था। वहीं सूरज गेट के पास कुछ दूर पर खड़ा होकर इनका इंतजार कर रहा था। सत्यम अंदर गया और कर्मचारी से रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काले रंग की अपाचे से भाग निकले। जानकारी होने पर एसपी सिटी नगर प्रकाश स्वरुप पांडेय व सीओ नगर सुधीर कुमार के नेतृत्व में शहर कोतवाल वीरेंद्र यादव और क्राइम ब्रांच प्रभारी राम स्वरुप वर्मा की दो टीम गठित की गई। टीम सुरागरसी में लगी थी कि गुरुवार को सूचना मिली कि गैस एजेंसी लूटकांड के आरोपी गुरसंडी कांशीराम आवास के पास खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।